Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बबीना में वीरू भैया की जनसंवाद यात्रा का ऐलान, 101 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग का संकल्प

 रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी

गांव-गांव पहुंचकर जनता से करेंगे सीधा संवाद, सड़क-पानी-बिजली से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर सुनेंगे समस्याएं

झाँसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद और जनसेवा को और मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ वीरू भैया ने व्यापक जनसंवाद यात्रा शुरू करने की घोषणा की है। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और बस्ती-बस्ती पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनसंवाद यात्रा के दौरान सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे प्रमुख मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद ही क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। 

जनसेवा अभियान के तहत वीरू भैया ने 101 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करने का संकल्प भी लिया है। उन्होंने कहा कि यह पहल जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर की जाएगी। पात्र परिवारों का सत्यापन कर उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार विवाह में सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी परिवार पर एहसान जताना नहीं, बल्कि जरूरत के समय उसके साथ खड़ा होना है। विवाह से जुड़े सहयोग में संबंधित परिवार की इच्छा, धार्मिक परंपराओं और वैधानिक आवश्यकताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा।

वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनसंवाद यात्रा का मूल मंत्र “संवाद, सेवा और सद्भाव” है। उन्होंने पत्रकारों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, व्यापारियों, किसानों, युवाओं और समाज के सक्षम लोगों से इस सेवा अभियान में सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा, “बबीना हमारे लिए सिर्फ एक क्षेत्र नहीं, बल्कि हमारा परिवार है। परिवार के सुख-दुःख में साथ खड़ा रहना ही सच्ची सेवा है।” इसी भावना के साथ जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और क्षेत्र में आपसी भाईचारा एवं सद्भाव को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments