रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
100 फीट से अधिक लंबी रंगोली में 80 विद्यार्थियों ने उकेरी विकास की परिकल्पना, 1 अक्टूबर को होगा उद्घाटन
झाँसी। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा का रंग—राष्ट्र के संग’ विषय पर दो दिवसीय वृहद रंगोली कार्यशाला आयोजित की जा रही है। गांधी सभागार में करीब 80 विद्यार्थी 100 फीट से अधिक लंबी रंगोली तैयार कर रहे हैं।
रंगोली के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासपरक पहलों को कलात्मक स्वरूप दिया जा रहा है। रंगों और आकृतियों के जरिए विद्यार्थियों ने देश की विकास यात्रा और सामाजिक सरोकारों को प्रदर्शित किया है।
कार्यशाला का निर्देशन डॉ. श्वेता पाण्डेय, डॉ. अजय कुमार गुप्ता एवं गजेंद्र सिंह द्वारा किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आयोजकों के अनुसार, रंगोली निर्माण के जरिए कला को सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश से जोड़ा गया है। विद्यार्थियों की सामूहिक सहभागिता से तैयार इस वृहद रंगोली का उद्घाटन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।


0 Comments