Hot Posts

6/recent/ticker-posts

विरासत दर्ज कराने के नाम पर 25 हजार की मांग, 5 हजार लेने का आरोप; चकबंदी कानूनगो के खिलाफ CM से शिकायत

रिपोर्ट : तारिक इकबाल, झाँसी

न्याय न मिलने पर डीएम कार्यालय पहुंचा किसान परिवार, तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन की चेतावनी; शिकायत में आत्मदाह की बात भी कही

झाँसी/मऊरानीपुर। चकबंदी विभाग मऊरानीपुर में विरासत दर्ज कराने के नाम पर रिश्वत मांगने और 5 हजार रुपये लेने का आरोप लगाते हुए ग्राम बम्हौरी निवासी किसान सत्यप्रकाश उपाध्याय पुत्र स्व. छविलाल उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कराकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार डीएम कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठ गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनके पिता स्व. छविलाल उपाध्याय का निधन 28 अक्टूबर 2024 को हुआ था। उनके नाम ग्राम बम्हौरी और लहचूरा में संक्रमणीय भूमि दर्ज है। चकबंदी प्रक्रिया के दौरान भूमि में विरासत दर्ज कराने के लिए उन्होंने खतौनी, मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल तथा ग्राम प्रधान का प्रमाण पत्र संबंधित विभाग में प्रस्तुत किया।

आरोप है कि विरासत दर्ज कराने के एवज में चकबंदी विभाग में तैनात कानूनगो गोपाल गिरि ने 25 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता का कहना है कि दबाव में उसने 5 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बावजूद करीब दो माह तक विरासत दर्ज नहीं की गई और उसे लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा।

शिकायत में पूर्व लेखपाल प्रवीण कुमार, कानूनगो ओमप्रकाश, सहायक चकबंदी अधिकारी महेशचंद्र वर्मा तथा वर्तमान कानूनगो गोपाल गिरि के खिलाफ भी विभिन्न आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने मामले को लेकर कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

सत्यप्रकाश उपाध्याय ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कानूनगो गोपाल गिरि पर रिश्वत लेने के आरोप की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अन्य किसानों से संबंधित मामलों की भी जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर समस्या का समाधान और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आमरण अनशन शुरू करेगा। शिकायत में जिलाधिकारी एवं तहसील कार्यालय के सामने आत्मदाह की चेतावनी दिए जाने का भी उल्लेख है।



Post a Comment

0 Comments