रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झाँसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिविल जज (सी.डि.)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने विधिवत ध्वजारोहण किया। इसके बाद छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने ‘गांधी-शास्त्री अमर रहें’ के उद्घोष के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली।
विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act-2012) के प्रावधानों, बाल सुरक्षा अधिकारों, गुड टच-बैड टच के अंतर तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना डरे अपनी आवाज उठाएं। कानून बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ है।
उन्होंने छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया।
कार्यक्रम के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल प्रतीक समाधिया, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउन्सिल जितेन्द्र तिवारी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउन्सिल दीपक मणि एवं अजय राठौर, वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी तथा पराविधिक स्वयंसेवक मान सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे।
विद्यालय कि ओर से डॉ. ए.के. सक्सैना, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. कल्पना वाजपेयी, मनोज चौरसिया, श्रीमती मीरा रायकवार, श्रीमती मानसी शुक्ला, कु. देवप्रिया खन्ना सहित समस्त शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।



0 Comments