Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ड्रग्स के नाम पर उगाही की साजिश में युवक की हत्या का खुलासा, आरक्षी समेत 8 गिरफ्तार, तीन कारें और 7 मोबाइल बरामद, प्रेमनगर पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया मामला

रिपोर्ट :- तारिक इकबाल झांसी 

झांसी। झांसी पुलिस ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में युवक परवेज अली की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरक्षी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन चारपहिया वाहन और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में प्रेमनगर पुलिस ने थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मुकदमे की जांच के दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रयांश सोनी, जय श्रीवास्तव उर्फ अमन, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र वंशकार, यश शिवहरे उर्फ बिट्ट, अर्शिल खान, शनि नामदेव तथा आरक्षी आशीष सिंह शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक परवेज अली 13 सितंबर की रात घर से रैपिडो बुक कर निकला था। बाद में वह नगरा हाट क्षेत्र में घायल अवस्था में मिला, जिसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद मृतक के पिता एहसान अली की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने एक साजिश के तहत मृतक को ड्रग्स का सैंपल लेने के बहाने बुलाया था। योजना के अनुसार उसे पुलिस कार्रवाई और जेल भेजने का भय दिखाकर धन उगाही की जानी थी। इसी दौरान वाहन के अंदर विवाद और हाथापाई हुई, जिसमें परवेज अली गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त लाल रंग की इग्निस कार, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट, एक मारुति सुजुकी एस-क्रॉस तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस खुलासे में प्रभारी निरीक्षक थाना

प्रेमनगर तुलसीराम पाण्डेय, उपनिरीक्षक विवेकानंद, दीपक धामा, मोहित राणा, शमशुल हसन, रविकांत शुक्ला सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments