रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में बच्चों और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रति विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के प्रथम दिन महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज, झांसी में आयोजित शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ईशा त्रिपाठी, एसीजेएम (रेलवे) प्रतीक त्रिपाठी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रतीक समाधिया एवं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में जानकारी दी।
श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने छात्राओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित संस्थाओं को सूचना देने की अपील की। वहीं प्रतीक त्रिपाठी ने पॉक्सो एक्ट-2012 के कानूनी प्रावधानों और बच्चों को प्राप्त अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में निःशुल्क विधिक सहायता, बाल संरक्षण सेवाओं तथा संकटग्रस्त बच्चों के पुनर्वास संबंधी जानकारी भी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबर 15100, 1098, 1090 और 112 के बारे में जागरूक किया गया। शिविर में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


0 Comments