Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बारावफात में पकड़े युवक के बयानों ने बढ़ाई पुलिस की हलचल, चित्रकूट में होटल-ढाबों से लेकर संदिग्धों तक खंगाले गए ठिकाने, दो संदिग्धों से पूछताछ

बांदा से अयाज जमा और चित्रकूट से पवन पाण्डेय की रिपोर्ट


बांदा के बदौसा में बारावफात के जुलूस के दौरान पकड़े गए संदिग्ध युवक की पहचान और उसके बताए ठिकानों की पड़ताल में पुलिस गुरुवार को चित्रकूट में जुटी रही। युवक ने पूछताछ में चित्रकूट में अपने साथियों के होने की बात कही थी। इसके बाद एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस की टीमें चित्रकूट रवाना की गईं। चित्रकूट पहुंची पुलिस ने युवक के बताए इनपुट के आधार पर कई होटल और ढाबों में छानबीन की। रामघाट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। कर्वी कोतवाली पुलिस के साथ सीतापुर चौकी प्रभारी और खुफिया एजेंसियां भी जांच में जुटी रहीं। इसी दौरान कर्वी की पुरानी बाजार में दो संदिग्ध युवकों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली। दोनों किराए के कमरे में रह रहे थे। पुलिस ने उन्हें पकड़कर करीब दो घंटे तक पूछताछ की, लेकिन दोनों के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में दोनों ने खुद को अलीगढ़ का रहने वाला बताया और बाद में परिजनों से फोन पर पुलिस अधिकारियों की बात कराई। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों युवक अलीगढ़ जिले के छर्रा थाना क्षेत्र के छर्रा भीकमनपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एसपी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, दोनों पिछले कई दिनों से चित्रकूट में रहकर कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की फेरी लगाकर बेचने का काम कर रहे थे। संतुष्ट होने के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। उधर बांदा में पकड़े गए युवक को लेकर पुलिस अभी भी उसकी वास्तविक पहचान और उसके बयानों की जांच कर रही है। युवक के बयानों में कभी बांग्लादेश तो कभी असम का जिक्र सामने आने से पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने चित्रकूट में जिन साथियों के होने की बात कही थी, उनका वास्तव में उससे क्या संबंध है। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। बांदा से शुरू हुई यह पड़ताल अब चित्रकूट तक पहुंच चुकी है और संदिग्ध युवक की पहचान, उसके संपर्कों और चित्रकूट में बताए गए लोगों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।


Post a Comment

0 Comments