रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झाँसी। बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने सोमवार को कचहरी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में बुंदेलखंड राज्य की मांग का समर्थन नहीं करने वाले 50 विधायकों के सामूहिक पुतले फूंके गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “बुंदेलखंड के विधायकों शर्म करो, बुंदेलखंड राज्य की बात करो” सहित कई नारे लगाए।
मोर्चा के अनुसार झाँसी सदर विधायक रवि शर्मा, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत सहित सात विधायक बुंदेलखंड राज्य की मांग का समर्थन कर रहे हैं, जिसके चलते उनके पुतले नहीं फूंके गए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे” जैसे नारे लगाए। भानु सहाय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य के निर्माण का वादा प्रभु श्रीराम को साक्षी मानकर तीन वर्ष के भीतर पूरा करने की बात कही गई थी, लेकिन तीन वर्ष के बजाय 12 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद राज्य निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों द्वारा अलग राज्य की मांग को लेकर प्रभावी आवाज नहीं उठाई जा रही है। इसी के विरोध में मोर्चा द्वारा “तुम्हें प्रभु राम कौ कोल (कसम)” अभियान शुरू किया जा रहा है।
मोर्चा ने ऐलान किया कि अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में 2027, मध्य प्रदेश में 2028 और 2029 के लोकसभा चुनाव में बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को ‘राम बंधन’ कलावा बांधकर सत्ताधारी दल के प्रत्याशियों के खिलाफ मतदान की अपील की जाएगी। मोर्चा का दावा है कि उसका लक्ष्य बुंदेलखंड क्षेत्र में सत्ताधारी दल को एक चौथाई से भी कम सीटों तक सीमित करना है।
भानु सहाय ने बताया कि 21 अक्टूबर से झाँसी में अनशन और सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही “तुम्हें प्रभु राम कौ कोल (कसम)” अभियान को भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। मोर्चा ने दावा किया कि अभियान में बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने की तैयारी की जा रही है।


0 Comments