रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झाँसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में जनपद के विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम-2012 विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी के संयोजन में विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
सूरज प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, डी.ए.वी. इंटर कॉलेज और सरस्वती पाठशाला इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज में आयोजित शिविरों में न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकार, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, बाल श्रम और बाल विवाह निषेध कानूनों की जानकारी दी। विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के शोषण, छेड़छाड़ या अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डर के अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित विधिक सहायता तंत्र को सूचना देने की अपील की गई।
शिविरों में विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना और न्यायालय में मिलने वाली विधिक सहायता की भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया तथा जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए।


0 Comments