Hot Posts

6/recent/ticker-posts

झाँसी में महंत वैदेही वल्लभ शरण पर 24 घंटे में दूसरी FIR, जमीन खरीद-फरोख्त के आरोप में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा

 रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी

24 घंटे में महंत के खिलाफ दूसरी FIR से मचा हड़कंप, जमीन के सौदे में धोखाधड़ी का आरोप; ओम प्रकाश गिरी भी नामजद

झाँसी। थाना शहर कोतवाली में महंत वैदेही वल्लभ शरण के खिलाफ 24 घंटे के भीतर दूसरी प्राथमिकी दर्ज होने का मामला सामने आया है। इस मामले में महंत के साथ ओम प्रकाश गिरी को भी नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता अंजली पांडेय की ओर से दर्ज कराया गया यह मुकदमा भी न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ है। मामला जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा बताया जा रहा है।

पीड़िता के देवर दिलीप पांडेय ने बताया कि, महंत वैदेही वल्लभ शरण ने अंजली पांडेय को एक जमीन दिखाई थी और जमीन को आधा-आधा खरीदने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बाद अंजली पांडेय ने रजिस्ट्रार कार्यालय में चेक के माध्यम से तथा कुछ राशि नकद भुगतान की।

दिलीप पांडेय का आरोप है कि रजिस्ट्रार कार्यालय में महंत ने जमीन से संबंधित दस्तावेज दिखाए और इसी दौरान कथित तौर पर पूरी जमीन अपने नाम करा ली। बाद में जब अंजली पांडेय को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने महंत से फोन पर संपर्क किया।

आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान महंत वैदेही वल्लभ शरण और ओम प्रकाश गिरी ने कथित रूप से गाली-गलौज और अभद्रता की तथा यह कहते हुए धमकाया कि “जो करना हो कर लो, शासन-प्रशासन हमारे साथ है।”

दिलीप पांडेय के अनुसार, पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने महंत वैदेही वल्लभ शरण और ओम प्रकाश गिरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।




Post a Comment

0 Comments