रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
जल निगम को 10 दिन में 27 किमी सड़क गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य, डीएम करेंगे भौतिक सत्यापन; लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
झाँसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट में सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क और नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्योहारों से पहले सड़कों को पूरी तरह गड्ढामुक्त करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम क्षेत्र में जल निगम द्वारा पाइपलाइन के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के लिए 10 दिनों में 27 किमी सड़क गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य दिया गया है। कार्य की 4 से 7 दिनों में स्थिति जांची जाएगी। समय पर काम न होने पर नगर निगम स्वयं मरम्मत कराकर खर्च जल निगम से वसूलेगा।
पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, आवास एवं विकास परिषद, मंडी विभाग और अन्य संबंधित विभागों को भी निर्धारित समयसीमा में सड़क मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी की विभिन्न सड़कों के लिए 10 से 20 अक्टूबर तक की समयसीमा तय की गई है, जबकि पीएमजीएसवाई की लंबित पैच मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरी करने को कहा गया है।
डीएम ने एनएचएआई को मेडिकल क्षेत्र की खराब सड़क पर त्योहारों से पहले मेटलिंग कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर Before-After फोटो और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट साझा करने को कहा।
डीएम ने चेतावनी दी कि सड़कों की गुणवत्ता में कमी या कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments