रिपोर्ट: रवि चौहान , गाजियाबाद
लोनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रिस्तल में आज प्रमुख अनिल कसाना के आवास पर आयोजित महापंचायत में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी एवं विभिन्न गांवों के सम्मानित और संभ्रांत लोग पहुंचे। पंचायत में लोगों ने क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों और सामाजिक सम्मान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।पंचायत में उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रमुख अनिल कसाना के साथ जो व्यवहार और घटनाक्रम हुआ है, उसे समाज के लोगों ने अपने सम्मान से जोड़कर देखा है। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति का विषय नहीं है, बल्कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान का विषय है। पंचायत में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।महापंचायत में पहुंचे लोगों ने प्रमुख अनिल कसाना के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अब अपने भविष्य और अपने सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर पूरी तरह जागरूक है। पंचायत में उपस्थित संभ्रांत लोगों ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रमुख अनिल कसाना के समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया।इस दौरान प्रमुख अनिल कसाना ने पंचायत में पहुंचे सभी सम्मानित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर लोगों का एक छोटे से आह्वान पर एकत्रित होना उनके लिए भावुक और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। वह क्षेत्र की जनता के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए हमेशा मजबूती से खड़े रहेंगे।महापंचायत में जावली, रिस्तल, शकलपुरा, कोतवालपुर, राजपुर, महमूदपुर, भूपखेड़ी, धारीपुर, सीती, सिरोरा, गढ़ी कलिंजरी एवं भाड़ला मिल्क सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।पंचायत के दौरान लोगों ने सामाजिक एकजुटता, आपसी भाईचारे और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प भी व्यक्त किया।

0 Comments