रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झांसी में रुक-रुक कर हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसका असर जनजीवन पर पड़ रहा है। मऊरानीपुर में सुखनई नदी उफान पर है और नदी का पानी रिपटे पर आ गया है। पुलिस ने आवागमन बंद कर दिया, फिर भी बाइक सवार दो युवक जान जोखिम में डालकर रिपटा पार करने लगे और तेज धार में फंस गए। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर दोनों को बचा लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि झांसी में पिछले 3 दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पहाड़ों पर भी बारिश होने से नदियों में पानी बढ़ गया है।
मऊरानीपुर नगर के बीचों-बीच निकली सुखनई नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का पानी पुरानी मऊ से गौरव गेस्ट हाउस जाने वाले रिपटे पर 2 से 3 फीट ऊपर बह रहा है। एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन ने रिपटे पर लोगों का आना-जाना रोक दिया। पुलिस के मना करने के बावजूद बाइक सवार दो युवक रिपटे पर पहुंचे और बाइक लेकर पानी में उतर गए। 10 मीटर जाते ही बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह तेज बहाव में फंस गए। पानी की धार इतनी तेज थी कि बाइक समेत युवक बहने लगे। यह नजारा देखकर स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और हाथ पकड़कर बाइक सवारों को खींचकर बाहर निकाला। गनीमत रही कि युवकों को खरोंच तक नहीं आई और दोनों की जान बच गई।

0 Comments