रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
आइसक्रीम खाने के दौरान बेकाबू कार ने 11 लोगों को मारी टक्कर, हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार; एक आरोपी पकड़ा गया
झांसी में रक्षाबंधन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महीने की गर्भवती 24 वर्षीय पलक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पलक अपने भाई के घर रक्षाबंधन मनाने मायके खुशीपुरा आई थी। सोमवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह सड़क किनारे आइसक्रीम खाने के लिए रुकी थी, तभी तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने आइसक्रीम की ठेली समेत वहां खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करीब 11 लोग घायल हुए थे। गंभीर हालत में पलक को झांसी से ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पलक की मौत के बाद मायके और ससुराल में मातम पसरा है।
आपको बता दें कि मामला झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र का है। खुशीपुरा निवासी पलक अपने परिवार के साथ जनक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी। खाना खाने के बाद परिवार के लोग रेस्टोरेंट के बाहर सड़क किनारे आइसक्रीम की ठेली पर रुक गए। इसी दौरान तेज रफ्तार बेकाबू कार ने आइसक्रीम की ठेली समेत वहां मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब 11 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद कार सवार एक-एक कर मौके से भागने लगे। इसी दौरान राहगीरों ने दौड़कर कार चालक शिवान को नगर निगम गेट के पास पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पलक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान पलक ने दम तोड़ दिया। हादसे में पलक के परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। पलक की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके और ससुराल में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने आई पलक अब इस दुनिया में नहीं रही। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 Comments