रिपोर्ट :- तारिक इकबाल झांसी
मऊ, चित्रकूट। मऊ तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगढ़ स्थित किला तालाब में लगातार बारिश के चलते पानी का जलस्तर बढ़ गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से पानी आसपास की बस्तियों और कई घरों में घुसने लगा। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई और बड़े हादसे की आशंका बन गई।
जलभराव की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी मऊ राम ऋषि रमन तत्काल मौके पर पहुंचे और कई घंटे मौके पर रहकर स्वयं जल निकासी की व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने जेसीबी मशीन मंगवाकर मध्य प्रदेश जाने वाले मार्ग पर खुदाई कराई तथा पानी की निकासी के लिए तत्काल पुलिया डलवाने की कार्रवाई कराई गई।
एसडीएम के निर्देश पर जेसीबी की मदद से जल निकासी का रास्ता तैयार किया गया, जिसके बाद तालाब और बस्ती की ओर जमा पानी तेजी से निकलने लगा। जल निकासी के दौरान कुछ समय के लिए मार्ग बाधित रहा, लेकिन पुलिया डालने के बाद रास्ते को सुचारू कर दिया गया। अब आवागमन सामान्य है और पानी की निकासी भी लगातार हो रही है।
बताया गया कि बरगढ़ में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो सका था। इस बार लगातार बारिश के कारण स्थिति गंभीर होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संभावित हादसे को टाल दिया।
इस दौरान बरगढ़ थाना प्रभारी रीता सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं। लेखपाल संगम पाल, ग्राम प्रधान शैलेश शुक्ला सहित अन्य लोग भी मौके पर उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के सहयोग से जल निकासी की व्यवस्था कराई गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं कराई जाती तो कई घरों में पानी घुसने के साथ गंभीर हादसा हो सकता था। फिलहाल जल निकासी होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

0 Comments