Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर झांसी में खेलों का उत्सव, आत्मरक्षा प्रशिक्षण से लेकर हॉकी टूर्नामेंट तक हुआ आयोजन

 रिपोर्ट :- तारिक इकबाल झांसी 

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों का बढ़ा उत्साह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सक्रिय सहभागिता कर किया प्रोत्साहित

झांसी। ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम, झांसी में भव्य खेलकूद प्रतियोगिताओं, हॉकी टूर्नामेंट एवं महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी श्रीमती कमलेश कच्छल के कुशल मार्गदर्शन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ईशा त्रिपाठी के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) प्रतीक समाधिया एवं वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी मौजूद रहे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल उपलब्धियां युवाओं के लिए अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणादायी मिसाल हैं। खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी सद्भाव की भावना भी विकसित होती है।

महिलाओं के लिए आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर को भी विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाने में सहायक है। 

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आशुलिपिक मोहम्मद कामरान, परा-विधिक स्वयंसेवक कल्पनाथ सिंह, मानसिंह एवं अजमेर उपस्थित रहे। इसके अलावा खेल विभाग के अधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। वहीं, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और खेल भावना का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments