रिपोर्ट :- अभय चौहान
शाहजहांपुर में गांव की बदहाल सड़क और आवारा पशुओं की समस्या से नाराज तीन युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए। युवकों ने टंकी के ऊपर जमकर हंगामा किया और मांग पूरी न होने पर नीचे कूदकर जान देने की धमकी तक दे डाली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का ठोस आश्वासन देकर युवकों को नीचे उतारा।
तस्वीरें शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के तहरपुर गांव की हैं। यहां जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पर तीन युवक चढ़ गए। युवकों का आरोप था कि गांव के अंदर जाने वाला रास्ता पूरी तरह खस्ताहाल है। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, जबकि बच्चों के लिए स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है।
युवकों ने गांव में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसी नाराजगी में तीनों युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए और अपनी मांगें पूरी करने की बात कही।
हंगामे के दौरान एक युवक के टंकी से नीचे कूदने की कोशिश करने की बात भी सामने आई। युवकों ने साफ कहा कि अगर सड़क बनवाने और आवारा पशुओं को पकड़वाने का ठोस आश्वासन नहीं मिला तो वे टंकी से कूदकर जान दे देंगे।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवकों को समझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान टंकी के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अधिकारियों ने युवकों को उनकी मांगों पर कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद तीनों युवक सुरक्षित पानी की टंकी से नीचे उतर आए। फिलहाल प्रशासन की ओर से गांव की सड़क और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल तीनों युवक सुरक्षित हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद तहरपुर गांव की बदहाल सड़क और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान कितनी जल्दी होता है।

0 Comments