रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झांसी। मौठ थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों से सोने के आभूषण व नकदी हड़पने वाले अंतरराज्यीय टप्पेबाज तौहीद अली (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश के शहडोल का रहने वाला है।
पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 75 हजार रुपये के सोने के आभूषण, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद की है। साथ ही अपराध से संबंधित 3.28 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज कराए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुलिस, सीबीआई, सीआईडी, ईडी या जीएसटी अधिकारी बनकर लोगों को चेकिंग का झांसा देता था और तलाशी के नाम पर नकदी व जेवरात लेकर फरार हो जाता था। आरोपी वारदात के बाद यूपी से एमपी होते हुए महाराष्ट्र की ओर निकल जाता था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
वहीं, गिरफ्तारी करने वाली टीम में मौठ थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक विनय दिवाकर और सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार शामिल रहे।

0 Comments