रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झाँसी
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार की स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने की नीति के चलते झांसी के एक स्टार्टअप ने फिर से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम की है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के इनक्यूबेशन सेंटर में पंजीकृत स्टार्टअप बेकार को आकार को नई दिल्ली स्थित यूनेस्को हाउस में अर्थ अवार्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान नेट ग्रीन फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
झांसी के 'बेकार को आकार' स्टार्टअप को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की गई पहलों के लिए प्रदान किया जाएगा। इस स्टार्टअप को स्टार्ट इन यूपी से ग्रांट भी प्रदान किया गया है। अर्थ अवार्ड 2026 कार्यक्रम का आयोजन 24 अगस्त को होगा, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि, भारत सरकार के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, अकादमिक जगत के प्रतिनिधि, युवा इनोवेटर और हरित विकास व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय लोग हिस्सा लेंगे।
झांसी स्थित स्टार्टअप की फाउंडर नीलम सारंगी ने बताया कि कबाड़ और निष्प्रयोज्य हो चुके सामानों से कलाकृतियाँ एवं घरेलू उपयोग के सामान बनाने के उनके स्टार्टअप के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने की मुहिम चलाई जा रही है। उनके स्टार्टअप को अर्थ अवार्ड 2026 प्रदान करने के लिए चयनित किया गया है।



0 Comments