रिपोर्ट :- धर्मेन्द्र कुमार
चन्दौली। थाना बलुआ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने UPI के माध्यम से 2.76 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विदेश में रह रहे खाताधारक के बैंक खाते से फर्जी तरीके से UPI आईडी और पिन बनाकर रकम निकाल ली थी।
पुलिस के अनुसार थाना बलुआ क्षेत्र के पुरवां नादी गांव निवासी दिनेश निषाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रामगढ़ शाखा में खाता है। वह वर्ष 2021 में दुबई चले गए थे और अप्रैल 2026 में वापस लौटे। बैंक में केवाईसी अपडेट कराने पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि उनके खाते से एक अज्ञात मोबाइल नंबर जोड़कर UPI बनाया गया और विभिन्न तिथियों में कुल 2,76,362.50 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर थाना बलुआ में संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना बलुआ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जौनपुर जनपद के सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला निवासी विशाल पटेल (24) को मुगलसराय के सकलडीहा टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने नाम से लिए गए मोबाइल नंबर के माध्यम से फर्जी तरीके से फोन-पे UPI आईडी और पिन तैयार किया था। शुरुआत में उसने छोटे लेनदेन कर सिस्टम की जांच की और बाद में संबंधित खाते से बड़ी रकम निकालनी शुरू कर दी। आरोपी ने बताया कि उसने धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि का उपयोग मकान निर्माण और घरेलू सामान खरीदने में किया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग, निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


0 Comments