रिपोर्ट :- तारिक इकबाल झांसी
झाँसी। जापान में आयोजित अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने वाले कप्तान केतन कुशवाहा ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य सीनियर भारतीय टीम में जगह बनाकर ओलंपिक और विश्व कप में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। खेल विश्लेषक बृजेंद्र यादव को दिए गए विशेष इंटरव्यू में केतन ने कहा कि यह खिताब पूरी टीम के संघर्ष, जुनून और शानदार प्रदर्शन का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि मुख्य कोच सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा के मार्गदर्शन ने टीम को अंतरराष्ट्रीय दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 और फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर भारत तीसरी बार एशिया चैंपियन बना।
केतन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश भर के हॉकी प्रेमियों से मिले शुभकामना संदेशों को बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और युवा खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा मौजूद है।
झांसी के इस होनहार स्ट्राइकर ने बताया कि वह ट्रॉफी के साथ अपने गृह नगर लौट रहे हैं और अपने शहरवासियों के बीच पहुंचने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

0 Comments