रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल / झाँसी
झांसी से गुजरने वाली नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में ऑन ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ ने चलती ट्रेन में बर्थडे पार्टी मना ली। केक काटा, माला पहनाई और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रेलवे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि वायरल वीडियो झांसी होकर गुजरने वाली नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑन ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ और उसके साथी कोच के अंदर बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। टीटीई केक काटते नजर आ रहे है, जबकि उनके साथी उन्हें माला पहना रहे हैं। इस दौरान कुछ यात्री भी कोच में बैठे थे जो स्टाफ की इस हरकत को देखकर सहम गए। वहीं, झाँसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जो वीडियो वायरल हुआ है वह हमारे संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है और संबंधित स्टाफ के खिलाफ रेलवे द्वारा उचित कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments