रिपोर्ट : दिनेश सविता
हमीरपुर। कुरारा क्षेत्र के ग्राम कण्डौर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह की स्मृति में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति से ओतप्रोत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह के संघर्ष और योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के उन अमर क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के स्मरण से हुआ, इस अवसर पर 22 वर्ष तक काले पानी की कठोर सजा भुगतने वाले क्रांतिवीर परमानंद खरे जी तथा भूदान आंदोलन में ग्रामदान की ऐतिहासिक पहल करने वाले क्रांतिकारी दानवीर दीवान शत्रुघ्न सिंह जी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों का स्मरण केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने का संकल्प भी है।इसके पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह के स्मृति-चिह्न पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर उठा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल एवं चेयरमैन आशारानी कबीर, ग्राम जल्ला के प्रधान संतोष सिंह, ग्राम कंडोर के प्रधान उमाशंकर वर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह के जीवन, संघर्ष और देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्र कराने वाले सेनानियों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आजादी हमें सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे असंख्य ज्ञात-अज्ञात सेनानियों का संघर्ष, त्याग और बलिदान रहा है। आने वाली पीढ़ियों को इस इतिहास से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।समारोह के दौरान ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह के स्मृति-चिह्न पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। लोगों ने संकल्प लिया कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को जीवित रखने तथा उनके संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह के प्रपौत्र उमाकांत सिंह द्वारा कराया गया। आयोजन को सफल बनाने में क्रांतिकारी दीवान शत्रुघ्न सिंह प्रेरणा संस्थान के अध्यक्ष रविप्रकाश सिंह सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर समारोह को सफल बनाया।समारोह के अंत में उपस्थित लोगों को जलपान कराया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी बैजनाथ सिंह के प्रति सम्मान, देश के प्रति आस्था और राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।



0 Comments