Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम अध्याय : तरुण चुघ

 रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल / झाँसी

झांसी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने झांसी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई ऊंचाइयों को छूते हुए विश्व मंच पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

तरुण चुघ ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया है। देश में एक्सप्रेस-वे, रेलवे, एयरपोर्ट और रक्षा क्षेत्र में रिकॉर्ड निवेश हुआ है। वहीं कोरोना महामारी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी भारत ने दुनिया को अपनी क्षमता का परिचय दिया।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, महापौर बिहारी लाल आर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की।

Post a Comment

0 Comments