रिपोर्ट :- संतोष गुप्ता
मीरजापुर में कटरा कोतवाली क्षेत्र के चौबे टोला निवासी संतोष जैन के मकान में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे मकान का एक हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। दमकल की 5 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
करीब दो वर्ष पूर्व मकान के एक हिस्से में अरुण अग्रवाल द्वारा गोदाम संचालित किया जा रहा था, जिसमें Voltas कंपनी के फ्रिज, एसी सहित कई इलेक्ट्रॉनिक सामान रखे गए थे। आग लगने के बाद इन ज्वलनशील इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों ने आग को और भड़का दिया, जिससे लपटें तेज हो गईं और मकान के पीछे की गली तक पहुंच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मियों ने तत्काल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिससे किसी बड़े हादसे की संभावना को टाला जा सका। वहीं, सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
आग की चपेट में आने से आसपास के मकान भी प्रभावित हुए। पड़ोसी गोवर्धन गुप्ता के घर को भी नुकसान पहुंचा है, जहां दीवारों और फर्श में दरारें पड़ गईं। इससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के दौरान मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पं. रत्नाकर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है अभी जांच जारी है।

0 Comments