रिपोर्ट :- संतोष गुप्ता
मिर्जापुर जनपद में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी आपूर्ति को लेकर लापरवाही की शिकायतों के बीच क्षेत्रीय विधायक पं. रत्नाकर मिश्र भड़क गए। वह मंगलवार को कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीणों ने उनसे शिकायत की कि गांव में लगाए गए नलों में पानी नहीं आ रहा है और योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
शिकायतों को सुनकर विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने कहा कि "बोकारादी कर रहे हैं बिना लात खाए" मौके पर मौजूद जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से जवाब-तलब किया। कर्मचारियों द्वारा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की बात कहे जाने पर विधायक ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि समस्या को जल्द से जल्द ठीक किया जाए। वायरल वीडियो में वह अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते भी दिखाई दे रहे हैं।
विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि 22 तारीख तक हर हाल में पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एडीएम नमामि गंगे से भी संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ लिखित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लोगों का कहना था कि लंबे समय से योजना के तहत कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। नगर विधायक ने कहा कि वह जनहित के मामले में किसी हद तक जा सकते हैं।

0 Comments