रिपोर्ट :- तारिक़ इक़बाल / झाँसी
झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत गुरसराय ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टहरौली और चिरगांव ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धमनाखुर्द का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों के पंजीकरण, दवा प्रबंधन, अभिलेखों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।
सीएमओ ने दोनों केंद्रों पर मरीजों के रजिस्टर में मोबाइल नंबर और दवा वितरण का पूरा विवरण दर्ज न होने पर संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए। बिना एप्रन के मरीजों का उपचार कर रहे चिकित्सकों को ड्रेस कोड का पालन करने के लिए कहा गया। साथ ही दवा भंडारण, एक्सपायरी लेबलिंग, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिक से अधिक मरीजों को आरोग्य मेलों तक लाने तथा किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। सीएमओ ने कहा कि आरोग्य मेलों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।



0 Comments