रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल / झाँसी
झांसी। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए झांसी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख ताजिया जुलूस मार्गों पर पैदल गश्त और रूट मार्च किया गया।
रूट मार्च में क्षेत्राधिकारी नगर रामवीर सिंह, नवाबाद प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार दुबे, सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक महेश चन्द्र, महिला थाना प्रभारी वंदना सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान कोई विशेष समस्या सामने नहीं आई।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी ताजिया जुलूसों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। झांसी पुलिस ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।


0 Comments