Hot Posts

6/recent/ticker-posts

लखनऊ अग्निकांड के मृतकों को झांसी में श्रद्धांजलि, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उठी मांग

रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल, झांसी

झांसी। लखनऊ में हुए हृदयविदारक अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की आत्मा की शांति के लिए बुधवार को झांसी के इलाइट चौराहे पर समाजसेवियों और नागरिकों ने एकत्र होकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगतों को नमन किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि हादसे की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।समाजसेवी श्वेता परासर (दीक्षित) ने कहा कि प्रदेशभर में संचालित अस्पतालों, होटलों, कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। फायर सेफ्टी केवल दस्तावेजों तक सीमित न रहकर धरातल पर भी प्रभावी रूप से लागू होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। इसलिए प्रशासन, संस्थान संचालकों और आम नागरिकों को मिलकर सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल करना है।

श्रद्धांजलि सभा में समाजसेविका श्वेता पारासर (दीक्षित), डॉ विवेक बाजपेई, सुरेश मानकानी, गगन मिश्रा, सुधा गुप्ता, नीता सिंह सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित किए।



Post a Comment

0 Comments