रिपोर्ट तारिक इकबाल /झांसी
झांसी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को स्थायी लोक अदालत के कार्यों के प्रचार-प्रसार विषय पर एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल के संरक्षण तथा माननीय सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ईशा त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में विधि छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित स्थायी लोक अदालत के सदस्य श्री कपिलनाथ श्रृंगऋषि ने छात्रों को स्थायी लोक अदालत की भूमिका, अधिकार क्षेत्र एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बिजली, पानी, बीमा, बैंकिंग, डाक तथा परिवहन जैसी सार्वजनिक उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी निस्तारण स्थायी लोक अदालत के माध्यम से किया जाता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बिना किसी न्यायालय शुल्क के आम नागरिकों को न्याय प्राप्त करने का अवसर मिलता है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित होती है,कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विधि छात्र-छात्राओं ने स्थायी लोक अदालत के निर्णयों की बाध्यता, प्रक्रिया और व्यावहारिक पहलुओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। श्री कपिलनाथ श्रृंगऋषि ने सभी जिज्ञासाओं का सरल एवं विधिक दृष्टिकोण से समाधान करते हुए छात्रों के ज्ञान में वृद्धि की। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक एवं समन्वयक कल्पनाथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी ने आयोजन के प्रशासनिक एवं प्रबंधन संबंधी कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली को समझने और वैकल्पिक विवाद निस्तारण व्यवस्था के महत्व को जानने का अवसर प्राप्त किया।

0 Comments