रिपोर्ट: तारिक इकबाल
झाँसी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी द्वारा बुधवार को जिला कारागार में नालसा की "DAWN" योजना के अंतर्गत वृहद नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कच्छल के संरक्षण तथा सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक विनोद कुमार, डिप्टी जेलर मोनिका सचान, विप्लव श्रीवास्तव तथा जेल प्रशासन का सहयोग रहा। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ गुबरेले और डॉ रामस्वरूप श्रीवास्तव ने बंदियों को नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को नशा छोड़ने के लिए परामर्श प्रदान करते हुए नशे को अपराध और अवसाद की प्रमुख वजह बताया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी। वहीं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल दीपक मणी और अजय राठौर ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों, नशे से जुड़े कानूनी परिणामों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।अभियान के दौरान बंदियों को समाज और परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराया गया। कई बंदियों ने भविष्य में नशे से दूर रहने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक शशि रायकवार और अंकित आर्य भी मौजूद रहे।


0 Comments