Hot Posts

6/recent/ticker-posts

झांसी में अवैध कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 8 सेंटर सील

रिपोर्ट: तारिक इकबाल

झांसी। लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। झांसी में झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। 

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों की जांच कराई जा रही है। फायर सेफ्टी, भवन मानकों और अन्य निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सात दिन के अंदर सभी अवैध और नियमविरुद्ध संचालित कोचिंग संस्थानों को बंद कराया जाएगा।

डीएम ने बताया कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए उन्हें अन्य संस्थानों में प्रवेश लेने और पढ़ाई जारी रखने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। साथ ही बंद होने वाले संस्थानों से छात्रों की जमा फीस वापस कराई जाएगी, जिसकी निगरानी प्रशासन करेगा।

आज जेडीए द्वारा चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में कई कोचिंग संस्थान बिना स्वीकृत भवन मानचित्र के संचालित पाए गए। इसके बाद कुमार्स आईएएस, केजीएन स्टडी, विद्यापीठ कोचिंग क्लासेज, कॉमर्स क्लासेज, एकलव्य क्लासेज, मोशन क्लासेज, महिंद्रा क्लासेज और आकाश कोचिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान जेडीए के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments