रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल / झाँसी
झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी की "जन संवाद" पहल की सराहना की और इसे पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन, गौ-तस्करी, भू-माफिया और शराब माफिया पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए ओवरलोडिंग रोकने और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 से 3 वर्ष से अधिक लंबित राजस्व वादों का विशेष अभियान चलाकर निस्तारण किया जाए। कुपोषित बच्चों के परिवारों को सहभागिता योजना से जोड़ने, आयुष्मान योजना के अस्पतालों का भुगतान समय पर करने तथा आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों को मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित करने के निर्देश भी दिए।
बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि जल्द ही 200 जापानी सीईओ और सिंगापुर के निवेशकों का भ्रमण प्रस्तावित है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, बीड़ा के सीईओ संजय कुमार खत्री, कमिश्नर बिमल कुमार दुबे समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले की विकास योजनाओं, कानून व्यवस्था और औद्योगिक निवेश की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।



0 Comments