Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Instagram वाला दूल्हा गायब, बारात लेकर पहुंचा दूसरा युवक



यूपी: हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दुल्हन ने मंडप में बैठे युवक को असली दूल्हा मानने से इंकार कर दिया। युवती का आरोप था कि जिससे उसकी पहचान और बातचीत चल रही थी, शादी में उसकी जगह कोई दूसरा युवक बारात लेकर पहुंच गया। जैसे ही यह बात सामने आई, शादी का माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते बाराती व घराती आमने-सामने आ गए। मौके पर जमकर कहासुनी और मारपीट हुई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि युवती प्रिया वाजपेई की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए मध्य प्रदेश निवासी राहुल मिश्रा से हुई थी। राहुल ने खुद को सेना में तैनात बताया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और परिवारों की सहमति के बाद शादी तय कर दी गई। लेकिन विवाह के दिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब राहुल की जगह देवेंद्र परमार नाम का युवक बारात लेकर पहुंच गया। मंडप में बैठे युवक को देखते ही दुल्हन को शक हुआ और उसने तुरंत शादी करने से मना कर दिया।

दुल्हन के इंकार के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि शादी समारोह जंग के मैदान में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। मामले में दूल्हा बने देवेंद्र परमार समेत कई लोगों पर धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने देवेंद्र परमार के अलावा उसके साथ आए कई बारातियों और दोस्तों को भी हिरासत में लिया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि आखिर वह युवक कौन था, जो अब तक खुद को राहुल मिश्रा बताकर युवती और उसके परिवार से मिलता रहा। शादी की तारीख, परिवार की जानकारी और युवती का मोबाइल नंबर दूसरे युवक तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। वहीं असली राहुल मिश्रा कहां है और पूरे मामले में उसकी क्या भूमिका है, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments