Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Bone & Joint Week के अंतर्गत हड्डियों की मजबूती और सुरक्षित कदमों का संदेश, वरिष्ठ नागरिक हुए जागरूक

 रिपोर्ट :- तारिक इकबाल झांसी 

झांसी: झांसी ऑर्थोपेडिक क्लब द्वारा Bone & Joint Week के अंतर्गत "Safe Steps India – Prevent Falls, Protect Lives" अभियान के तहत बंसल हॉस्पिटल, झांसी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य तथा गिरने से बचाव विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकेश कुमार सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, झांसी रहे। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ गिरने की घटनाओं से गंभीर चोट एवं फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए वरिष्ठ नागरिकों को अपने घर और आसपास का वातावरण सुरक्षित रखना, नियमित व्यायाम करना तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही दुर्घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।

बंसल हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मयंक बंसल ने कहा कि ऑस्टियोपोरोसिस, कैल्शियम एवं विटामिन-डी की कमी तथा शारीरिक कमजोरी के कारण गिरने का जोखिम बढ़ जाता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।

झांसी ऑर्थोपेडिक क्लब के अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह भदौरिया ने कहा कि Bone & Joint Week का उद्देश्य समाज में हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना तथा वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाकर गिरने से होने वाली गंभीर चोटों एवं फ्रैक्चर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

संगोष्ठी के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को गिरने से बचाव के उपाय, हड्डियों को मजबूत रखने के तरीके, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान भी किया गया। वहीं, कार्यक्रम का संचालन संजय साहनी ने किया।

इस अवसर पर डॉ. मयंक बंसल, डॉ. प्रतिभा बंसल, डॉ. राजीव सिंह भदौरिया सहित झांसी ऑर्थोपेडिक क्लब एवं बंसल हॉस्पिटल के चिकित्सकगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। अंत में डॉ. पारस गुप्ता ने सभी मुख्य अतिथियों, उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।

Post a Comment

0 Comments