गया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पुलिसकर्मी के प्रेम प्रसंग ने हिंसक मोड़ ले लिया। ‘लव ट्रायंगल’ में फंसे दो अलग-अलग थानों के ड्राइवरों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात सीधे गोलीबारी तक पहुंच गई।बताया जा रहा है कि परैया थाना के निजी ड्राइवर गौतम कुमार ने गुस्से में आकर कोतवाली थाना के ड्राइवर नीरज कुमार पर फायरिंग कर दी, जिसमें नीरज के सीने में गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक, महिला सिपाही पहले परैया थाने में तैनात थीं, जहां दोनों ड्राइवरों से उनके करीबी संबंध थे। बाद में उनका ट्रांसफर कोतवाली थाना में लिपिक के पद पर हो गया, लेकिन दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। शनिवार को जब महिला सिपाही के कमरे पर दोनों आमने-सामने आए, तो पुरानी रंजिश और रिश्तों की खींचतान खुलकर सामने आ गई। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और गौतम कुमार ने तमंचा निकालकर नीरज पर फायर झोंक दिया। घायल नीरज कुमार को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह ‘इश्क’ कैसे खूनी संघर्ष में बदल गया।

0 Comments