रिपोर्ट :- जयचंद्र कासगंज
कासगंज :- जनपद कासगंज की गंजडुंडवारा पुलिस ने टेंपो व अन्य सार्वजनिक वाहनों में सवारी बनकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर अंतर्राज्यीय बावरिया गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। अभियुक्तों के कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण तथा अवैध हथियार बरामद किए गए हैं पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 19 जून 2025 को गंजडुंडवारा क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के खुलासे के दौरान की गई। पीड़ित सचिन कुमार ने थाना गंजडुंडवारा में तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी और ससुर के साथ टेंपो से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान टेंपो में सवार दो महिलाओं ने मौका पाकर उनके बैग से ज्वेलरी किट चोरी कर ली। किट में सोने की चेन,अंगूठियां, मंगलसूत्र तथा नकदी रखी हुई थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक कासगंज के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। रविवार सुबह 25 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग गणेशपुर नहर पुल के पास किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण, एक अवैध तमंचा तथा 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे टेंपो और अन्य वाहनों में सवारी बनकर लोगों को निशाना बनाते थे और अवसर पाकर बैग व जेब से कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी हुई है।

0 Comments