हमीरपुर - सुमेरपुर थाना इलाके में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक शातिर व्यक्ति ने सरकारी अफसर बनकर लाखों का खेल कर दिया। आरोपी ने पहले खुद को रेलवे विभाग का अधिकारी बताया और बाद में पीडब्ल्यूडी से जुड़ा ठेकेदार बनकर दो लोगों को अपने झांसे में ले लिया। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने बांदा जनपद के दो व्यक्तियों से अलग-अलग रोड रोलर किराए पर लिए। भरोसा जीतने के लिए एडवांस भुगतान किया और चालकों को यह कहकर वापस भेज दिया कि जरूरत पड़ने पर दो दिन बाद बुलाया जाएगा। इसी बीच आरोपी ने दोनों मशीनों को खराब बताकर क्रेन के जरिए हटवाया और उन्हें कबाड़ में बेच दिया। बताया जा रहा है कि कस्बे के एक धर्मकांटा पर तौल के बाद करीब 4.29 लाख रुपये में सौदा किया गया। जब चालक तय समय पर लौटे तो मौके से मशीनें गायब थीं और आरोपी का भी कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बंद पड़ी फैक्ट्री से दोनों रोड रोलर बरामद कर लिए हैं, जबकि आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग ऐसे ठगों से सतर्क रहने की बात कर रहे हैं।
BY: "DINESH SAVITA"

0 Comments