Hot Posts

6/recent/ticker-posts

डॉक्टर नदारद, फार्मासिस्ट के भरोसे चल रही इमरजेंसी: वीडियो वायरल होने से खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल



हमीरपुर - सुमेरपुर कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि रात की इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान डॉक्टर अस्पताल से गायब थे और फार्मासिस्ट मरीजों को बिना समुचित जांच के रेफर कर रहे थे। वायरल वीडियो में डॉक्टर कक्ष की कुर्सी खाली दिखाई दे रही है, जबकि ड्यूटी पर मौजूद फार्मासिस्ट मोबाइल चलाते नजर आ रहा है। वीडियो में वह यह कहते हुए सुना जा रहा है कि अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे कस्बे की सब्जी मंडी निवासी लक्ष्मी गुप्ता की तबीयत हाई बीपी के चलते बिगड़ गई। उनके बेटे और युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय उर्फ गुल्लू गुप्ता उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। ड्यूटी पर मौजूद फार्मासिस्ट ने मरीज को देखे बिना ही सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दे दी। इससे नाराज मृत्युंजय ने अस्पताल की लापरवाही का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। मामले में जब प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इमरजेंसी ड्यूटी डॉक्टर शशांक की थी और वह मौजूद थे या नहीं, इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं, डॉक्टर शशांक का कहना है कि वह उस समय 24 घंटे की ड्यूटी पर जिला कारागार में तैनात थे। डॉक्टर के इस बयान के बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इमरजेंसी की जिम्मेदारी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद जिम्मेदारी दूसरे पर डालने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे प्रकरण ने कस्बे की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। अब देखना होगा कि विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या नहीं।

#भरुआ_सुमेरपुर #PHC_लापरवाही #स्वास्थ्य_विभाग #इमरजेंसी_सेवा #डॉक्टर_नदारद #वायरल_वीडियो #मरीज_रिफर #स्वास्थ्य_व्यवस्था #सरकारी_अस्पताल 



Post a Comment

0 Comments