Hot Posts

6/recent/ticker-posts

कोरियन गेम की गिरफ्त में मासूम ज़िंदगियां: तीन बहनों ने एक साथ लगाई मौत की छलांग



गाजियाबाद - ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल लत का खौफनाक चेहरा देर रात गाजियाबाद में देखने को मिला, जहां कोरियन गेम और उससे जुड़ी आभासी दुनिया में इस कदर डूबी तीन नाबालिग बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। घटना ट्रांस हिंडन क्षेत्र की एक हाई-राइज सोसायटी की है, जहां 9वीं मंज़िल से कूदकर तीनों बहनों ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक बहनों की उम्र 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। रात करीब ढाई बजे सोसायटी परिसर में तेज आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो तीनों के शव नीचे पड़े मिले।आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले लंबे समय से एक ऑनलाइन कोरियन गेम या टास्क-आधारित ऐप से जुड़ी हुई थीं। वे घंटों मोबाइल पर गेम खेलती थीं, कोरियाई कंटेंट देखती थीं और खुद को उसी दुनिया का हिस्सा मानने लगी थीं। परिवार वालों के मुताबिक, बेटियां धीरे-धीरे वास्तविक दुनिया से कटती जा रही थीं और उनका ज्यादातर समय मोबाइल और गेम में बीत रहा था। पुलिस को बहनों के कमरे से एक डायरी और सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वे इस गेम और उससे जुड़ी दुनिया को छोड़ नहीं सकतीं। नोट में परिवार से माफी मांगते हुए यह भी लिखा गया है कि उनके लिए वही आभासी दुनिया ही सब कुछ बन चुकी थी। हालांकि पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि आत्महत्या सीधे तौर पर किसी “अंतिम टास्क” का नतीजा थी या मानसिक दबाव और गेमिंग एडिक्शन का चरम रूप। पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें अंदाज़ा नहीं था कि बच्चों की गेमिंग आदत इस हद तक खतरनाक हो सकती है। उन्होंने कहा कि बेटियां सामान्य दिखती थीं, लेकिन भीतर ही भीतर वे एक अलग ही दुनिया में जी रही थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने तीनों मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि बहनें किस गेम या ऐप से जुड़ी थीं और वहां उन्हें किस तरह का कंटेंट या दबाव दिया जा रहा था। 

(भारत स्टेट. उत्तर प्रदेश उत्तराखंड)

Post a Comment

0 Comments