रिपोर्ट : तारिक़ इक़बाल / झाँसी
झांसी। डॉ आर.के. सोनी ने आज अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, झांसी मण्डल, झांसी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान अपर निदेशक डॉ आर.के. सक्सेना ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उल्लेखनीय है कि डॉ. सोनी इससे पूर्व भी लगभग दो वर्ष पहले झांसी मण्डल में अपर निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पूर्व कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर प्रशासनिक समन्वय तथा जनहितकारी पहलों के कारण उनका कार्यकाल अत्यंत प्रभावशाली एवं परिणामोन्मुखी रहा था।
एक बार पुनः झांसी मण्डल का दायित्व संभालने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. सोनी का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभवी नेतृत्व एवं प्रशासनिक दक्षता से झांसी मण्डल में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. सोनी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मण्डल के सभी जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का विश्वास दिलाया।

0 Comments