Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ट्रायल के बहाने XUV लेकर फरार हुआ शातिर, पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के हाथ में रह गया नोजल

 रिपोर्ट :- तारिक़ इक़बाल / झाँसी

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में कार खरीदने के बहाने आए एक शातिर युवक ने कार बाजार संचालक को चकमा देकर XUV कार लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

आपको बता दें कि नंदनपुरा स्थित जय महाकाल कार बाजार के संचालक दयासागर साहू ने बताया कि उन्होंने XUV कार (UP 93 AP 1413) अमित यादव से खरीदकर बिक्री के लिए अपने कार बाजार में खड़ी की थी। शुक्रवार को एक युवक कार खरीदने के उद्देश्य से बाजार पहुंचा और गाड़ी का ट्रायल लेने की इच्छा जताई। इस पर दयासागर ने अपने पुत्र रोशन साहू को उसके साथ भेज दिया। ट्रायल के दौरान युवक स्वयं गाड़ी चला रहा था और रोशन उसके बगल की सीट पर बैठा था। कुछ दूरी तय करने के बाद युवक ने डीजल डलवाने की बात कही। दोनों बाधवा पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां रोशन गाड़ी से उतरकर डीजल भरवाने लगा।

बताया गया कि जैसे ही लगभग 300 रुपये का डीजल भरा गया, युवक ने अचानक गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ा दी और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी के तेजी से निकलने के कारण सेल्समैन के हाथ में नोजल ही रह गया और काफी मात्रा में डीजल जमीन पर फैल गया घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और सीपरी बाजार पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी और वाहन की तलाश में जुट गई है।


Post a Comment

0 Comments