Report - वेद प्रकाश सारस्वत
बलदेव में ब्रज संस्कृति के गौरव, मल्लविद्या के आचार्य ब्रज के राजा ठाकुर श्री दाऊजी महाराज का 5253वां जन्मोत्सव शुक्रवार को बलदेव स्थित दाऊजी मंदिर में बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है जन्मोत्सव की शुरुआत प्रातः 4 बजे शहनाई वादन और विशेष श्रृंगार दर्शन के साथ हुई। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और दाऊजी महाराज के जयकारों से पूरा बलदेव गूंज उठा। भक्तों ने “रोहिणी ने जन्मों लल्ला - मचो हैं आज ब्रज में हल्ला” के स्वर में अपने आराध्य का स्वागत किया।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को भव्य लाइटिंग से सजाया गया था, वहीं बलदेव नगर भी दाऊजी महाराज के रंग में रंगा दिखाई दिया। घर-घर में पकवान बनाकर भक्तों ने उत्सव की खुशी मनाई। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। परंपरा के अनुसार जन्मोत्सव पर लाखों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे और अपने को धन्य माना।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए। तहसील महावन के नायब तहसीलदार प्रदुमन त्रिपाठी ने लगातार भ्रमण कर पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं सीओ संजीव राय और थाना प्रभारी रंजना सचान सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। नगर के विभिन्न चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और बेरियर लगाए गए, वहीं वाहनों के लिए अलग से पार्किंग स्थल बनाए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर परिसर और बलदेव नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय रहा। दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव पर जहां सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए, वहीं दोपहर तक मंदिर में लाखों श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
0 Comments